कोरबा के सर्वमंगला मंदिर में नवरात्रि की धूम, 12,106 ज्योति कलश प्रज्वलित; विदेशों से भी पहुंची आस्था की ज्योति

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा के सर्वमंगला मंदिर में नवरात्रि की धूम, 12,106 ज्योति कलश प्रज्वलित; विदेशों से भी पहुंची आस्था की ज्योति


कोरबा के सर्वमंगला मंदिर में नवरात्रि की धूम, 12,106 ज्योति कलश प्रज्वलित; विदेशों से भी पहुंची आस्था की ज्योति


कोरबा के सर्वमंगला मंदिर में नवरात्रि की धूम, 12,106 ज्योति कलश प्रज्वलित; विदेशों से भी पहुंची आस्था की ज्योति


कोरबा, 11 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के प्रसिद्ध सर्वमंगला मंदिर में शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। नवरात्रि के पहले दिन से ही माता सर्वमंगला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर माता के दर्शन कर रहे हैं।

कोरबा जिले के साथ ही प्रदेश के विभिन्न हिस्सों और देश के अन्य क्षेत्रों से भी भक्त माता के दरबार में पहुंच रहे हैं। सर्वमंगला मंदिर लंबे समय से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की जा रही है। ज्योति कलशों की स्थापना के साथ ही मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया है। माता के जयकारों और धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर में उत्सव का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और बेहतर भविष्य की कामना कर रहे हैं।

मंदिर के राजपुरोहित नन्हा पांडे ने बताया कि इस वर्ष शारदीय नवरात्रि के दौरान सर्वमंगला मंदिर में कुल 12,106 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं। इनमें 11,000 तेल के ज्योति कलश और 1,100 घी के ज्योति कलश शामिल हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए ज्योति कलशों की स्थापना कराई है। नवरात्रि के दौरान इन ज्योतियों के माध्यम से भक्त माता की आराधना कर रहे हैं।

सर्वमंगला मंदिर की विशेषता यह भी है कि यहां देश के साथ विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं की आस्था भी जुड़ी हुई है। राजपुरोहित नन्हा पांडे के अनुसार, इस वर्ष कनाडा से तीन तथा सिंगापुर, अमेरिका और लंदन से एक-एक ज्योति कलश की स्थापना कराई गई है। विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं की ओर से ज्योति प्रज्वलित कराया जाना माता सर्वमंगला के प्रति उनकी गहरी श्रद्धा को दर्शाता है। इससे मंदिर की धार्मिक महत्ता और व्यापक आस्था का भी पता चलता है।

नवरात्रि के पहले दिन मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए उमड़ी भीड़ को देखते हुए पूरे परिसर में धार्मिक उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर माता के दर्शन कर रहे हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व के दौरान मंदिर में भक्तों की आवाजाही और बढ़ने की संभावना है। माता सर्वमंगला के दरबार में प्रज्वलित हजारों ज्योति कलश श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास और भक्ति के प्रतीक बने हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story