केरसई का महतारी सदन बना महिला सशक्तिकरण का केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
केरसई का महतारी सदन बना महिला सशक्तिकरण का केंद्र


- स्व-सहायता समूहों को बैठकों और आजीविका गतिविधियों के लिए मिला स्थायी मंच

रायपुर, 1 अगस्त (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले के केरसई में निर्मित महतारी सदन महिला स्व-सहायता समूहों के लिए सशक्तिकरण का प्रभावी केंद्र बनकर उभरा है। इस भवन के निर्माण से महिलाओं को नियमित बैठकों, आजीविका गतिविधियों और सामाजिक कार्यक्रमों के संचालन के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और स्थायी स्थान उपलब्ध हुआ है।

महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य बबीता गुप्ता ने बताया कि पहले बैठकों के लिए उपयुक्त स्थान नहीं होने से समूह को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कभी किसी सदस्य के घर, तो कभी खुले स्थान या पेड़ के नीचे बैठक आयोजित करनी पड़ती थी। बारिश और गर्मी के मौसम में यह समस्या और बढ़ जाती थी, जिससे समूह की गतिविधियां भी प्रभावित होती थीं।

उन्होंने बताया कि महतारी सदन बनने के बाद अब सभी सदस्य नियमित रूप से एक ही स्थान पर बैठक कर रही हैं। यहां बचत, ऋण, आजीविका गतिविधियों, प्रशिक्षण और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर व्यवस्थित ढंग से चर्चा होती है। इससे समूह का संचालन अधिक प्रभावी हुआ है और महिलाओं की सहभागिता भी बढ़ी है।

बबीता गुप्ता ने कहा कि महतारी सदन ने महिलाओं की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान किया है। अब बैठकों के लिए स्थान की चिंता नहीं रहती और समूह की सभी गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी सदन महिलाओं के लिए केवल एक भवन नहीं, बल्कि संगठन, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार बन गया है। उनके अनुसार यह केंद्र महिलाओं को संगठित होकर विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का नया अवसर प्रदान कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story