कुरुद में गोशाला निर्माण तेज, मवेशी मालिकों से जिम्मेदारी निभाने की अपील
धमतरी, 25 मार्च (हि.स.)।धमतरी जिले के नगर पालिका कुरुद में लंबे समय से बनी बेसहारा मवेशियों की समस्या के समाधान की दिशा में अब ठोस पहल शुरू हो गई है। गोशाला निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे आने वाले समय में नगरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर के मुख्य मार्गों, बस्तियों की गलियों, सब्जी बाजार और किराना दुकानों के आसपास घूम रहे बेसहारा मवेशियों से बढ़ती अव्यवस्था और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने इस समस्या को गंभीरता से लिया है।
इस संबंध में समाजसेवी एवं विधायक प्रतिनिधि भानु चंद्राकर ने मवेशी मालिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पशुओं को खुला न छोड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही के कारण आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि गौशाला शुरू होने के बाद सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा मवेशियों को वहां सुरक्षित रखा जाएगा। ऐसे में पशु मालिकों को अभी से सतर्क रहकर अपने पशुओं की देखरेख की जिम्मेदारी स्वयं निभानी होगी।
नगरवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि गौशाला निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि बाजार और रिहायशी इलाकों में भी सुरक्षा और स्वच्छता का माहौल बनेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

