कांवड़ यात्रियों के लिए अमरकंटक में निशुल्क भोजन, विश्राम और चिकित्सा सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ यात्रियों के लिए अमरकंटक में निशुल्क भोजन, विश्राम और चिकित्सा सुविधा


रायपुर, 31 जुलाई (हि. स.)। सावन माह में भगवान शिव के दर्शन के लिए अमरकंटक पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए मृत्युंजय आश्रम में निःशुल्क सेवा केंद्र संचालित किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल पर शुरू की गई इस सेवा के तहत श्रद्धालुओं को भोजन, विश्राम, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सावन के पहले दिन ही लगभग 500 कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं ने आश्रम में प्रसादी ग्रहण की।

पूरे सावन माह तक संचालित होने वाले इस सेवा केंद्र में श्रद्धालुओं के लिए सुबह चाय-नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि का सात्विक भोजन, विश्राम स्थल, स्वच्छ शौचालय, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। समिति के सदस्य लगातार यात्रियों की सेवा में जुटे हैं और उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, सावन भगवान शिव की आराधना का पावन अवसर है और शिवभक्तों की सेवा करना शिव सेवा के समान है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा कठिन होती है, इसलिए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि वे पूरी श्रद्धा के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

गत वर्ष इस सेवा का लाभ 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने लिया था। इस बार श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं का और विस्तार किया गया है। वहीं, खुड़िया और लमनी में लगभग 20-20 लाख रुपये की लागत से आधुनिक प्रतीक्षालय बनाए गए हैं। सावन माह के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एंबुलेंस की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

मृत्युंजय आश्रम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने निःशुल्क सेवाओं की सराहना करते हुए इसे भक्ति, सेवा और मानवीय संवेदना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। श्रद्धालुओं का कहना है कि इस पहल से उनकी यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित बन रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story