कलेक्टर जनदर्शन से मिली नई उम्मीद, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल ने आसान की जिंदगी
कोरबा, 10 अगस्त (हि. स.)। कलेक्टर जनदर्शन में अपनी समस्या लेकर पहुंचे ग्राम गोढ़ी निवासी 50 वर्षीय शिवचरण केवट और ग्राम दादरकला निवासी 27 वर्षीय सावित्री साहू के लिए जिला प्रशासन की पहल नई उम्मीद लेकर आई। दोनों ने आवागमन में हो रही परेशानी को दूर करने के लिए मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग की थी।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने दोनों प्रकरणों का त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने से दोनों हितग्राहियों को रोजमर्रा के कामों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने से राहत मिलेगी। अब वे अपने आवश्यक कार्यों के लिए अधिक आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक आ-जा सकेंगे। इससे उनके आत्मविश्वास के साथ आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।
शिवचरण केवट ने बताया कि ट्राईसाइकिल मिलने से उनकी रोजमर्रा की कई परेशानियां दूर हो गई हैं। अब वे बिना किसी की मदद के अपने जरूरी कामों के लिए आवागमन कर सकेंगे। वहीं सावित्री साहू ने भी कहा कि नई ट्राईसाइकिल से उन्हें आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी और दैनिक कार्य पहले की तुलना में आसानी से पूरे कर सकेंगी।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने दोनों आवेदनों को संवेदनशीलता से लेते हुए समाज कल्याण विभाग को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए थे। विभाग द्वारा समय पर कार्रवाई करते हुए दोनों हितग्राहियों को यह सुविधा उपलब्ध कराई गई।
दोनों हितग्राहियों ने समस्या का समय पर समाधान करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कलेक्टर जनदर्शन में दिया गया उनका आवेदन अब उनके लिए बेहतर और अधिक आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

