अंबिकापुर में विकास की नई इबारत, 2.90 करोड़ के कार्यों से बदलेगी वार्ड 23 की सूरत

WhatsApp Channel Join Now
अंबिकापुर में विकास की नई इबारत, 2.90 करोड़ के कार्यों से बदलेगी वार्ड 23 की सूरत


अंबिकापुर, 03 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर के शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड क्रमांक-23 में विकास कार्यों को नई गति देते हुए लगभग 2.90 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का विधिवत भूमि पूजन किया गया।

भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, नगर निगम महापौर मंजूषा भगत और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम ने क्षेत्र में सड़क और जल निकासी की पुरानी समस्याओं के समाधान की राह प्रशस्त कर दी है। इन कार्यों की स्वीकृति कैबिनेट मंत्री व विधायक राजेश अग्रवाल एवं महापौर के विशेष प्रयासों से हुई है, जो पिछले वर्ष हुई भारी बारिश के दौरान स्थानीय निवासियों को हुई दिक्कतों को देखते हुए ली गई थी।

परियोजना के विवरण के अनुसार, अधोसंरचना मद से कुल 290.67 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें गाड़ाघाट मार्ग से महादेव बस्ती तक 43.31 लाख रुपये और शिवशंकर नगर से महादेव गली तक 18.17 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, जल भराव की समस्या को दूर करने के लिए अन्नपूर्णा सामुदायिक भवन से महादेव बस्ती तक 97.34 लाख और महादेव बस्ती से चोरकाकछार तक 131.85 लाख रुपये की लागत से भव्य नाला निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में नगर निगम, प्रदेश और केंद्र तीनों स्तरों पर भाजपा की 'ट्रिपल इंजन' सरकार सक्रिय है, जिसका सीधा लाभ जनता को मिल रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विष्णु देव साय सरकार में विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है और अगले पांच वर्षों में शहर का कायाकल्प कर दिया जाएगा। वहीं महापौर मंजूषा भगत ने पार्षद की सक्रियता की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनता ने जो आशीर्वाद उन्हें दिया है, वे विकास के माध्यम से उसका ऋण उतारने के लिए सदैव समर्पित रहेंगी। नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने 'हमने बनाया है, हम ही सवारेंगे' के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि शहर का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

वार्ड पार्षद एवं एमआईसी सदस्य जितेंद्र सोनी ने वार्ड की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए बताया कि ग्राम पंचायत से अलग होने के कारण यह क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा था, जिसे अब दूर किया जा रहा है। कार्यक्रम में पार्षद शैलेश सिंह, पूर्व पार्षद रमेश जायसवाल सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, निगम के अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story