अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी


अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी


जांजगीर-चांपा जिले की 2.81 लाख महिलाओं को मिला लाभ

जांजगीर-चांपा, 08 मार्च (हि. स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी की। राज्य स्तरीय वृहद महतारी वंदन सम्मेलन के माध्यम से प्रदेशभर की महिलाओं के साथ जांजगीर-चांपा जिले की 2 लाख 81 हजार 259 महिला हितग्राहियों के खातों में भी राशि अंतरित की गई।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से विकासखंड नवागढ़ के ग्राम तेंदुभाठा की निवासी श्रीमती सरस्वती केंवट से संवाद भी किया।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जांजगीर के ऑडिटोरियम में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन और मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन का वर्चुअल प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों और महिलाओं ने देखा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, जिला पंचायत सदस्य सुश्री आशा साव, श्रीमती उमा राजेंद्र राठौर, श्रीमती प्रियंका सिंह, श्रीमती मोहन कुमारी, श्रीमती नंदिनी राजवाड़े, श्रीमती अनुराधा शुक्ला, श्रीमती उमा सोनी, नगरपालिका उपाध्यक्ष मोहन यादव, अमर सुल्तानिया, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, सुरेश जायसवाल, देव प्रसाद बर्मन, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि मातृशक्ति समाज के लिए वंदनीय है और आज महिलाएं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा से देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और यह साबित कर रही हैं कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने बताया कि जिले में महिलाओं की आजीविका में लगातार सुधार हो रहा है और विभिन्न शासकीय योजनाओं से उन्हें आर्थिक संबल मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना, बीसी सखी योजना और अन्य योजनाओं के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। साथ ही उन्होंने जल स्तर में लगातार हो रही गिरावट को देखते हुए जल संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया और महिलाओं से जल संचय अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब बेटियां सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनें। इसलिए सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि वे बेटियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करें और उनके सपनों को साकार करने में सहयोग करें।

उन्होंने महिलाओं से स्वच्छता और जल संचय अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की भी अपील की। कार्यक्रम के दौरान मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन कर महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं प्रदान की गईं।

इस अवसर पर सक्षम योजना और छत्तीसगढ़ महिला कोष अंतर्गत ऋण योजना के तहत कई महिला हितग्राहियों को ऋण प्रदान किया गया और उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story