युवा अपनी सोच, ताकत, प्रतिभा व ज्ञान का सदैव राष्ट्रहित में उपयोग करें - विश्वविजय तोमर
बीजापुर, 31 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के युवाओं में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित युवा उड़ान 2026 कार्यक्रम का शुभारंभ आज साेमवार काे बीजापुर जिले के नवोदय विद्यालय परिसर में हुआ।
छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय तोमर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिले भर से हजारों की संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को देश, प्रदेश और समाज के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में निर्धारित केन्द्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों (युवाओं के लिए हो रहे कार्य), एक देश एक चुनाव, विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत में युवाओं की भूमिका विषयों पर विशेषज्ञ वक्ताओं ने युवाओं से संवाद किया। युवाओं ने संवाद के दौरान अपने विचार साझा किए तथा विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय तोमर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को अपनी ऊर्जा और सामर्थ्य को सकारात्मक दिशा में लगाते हुए लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढना चाहिए। उन्होंने युवाओं से कहा कि अपनी सोच, ताकत, प्रतिभा और ज्ञान का सदैव राष्ट्रहित में उपयोग करें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने युवाओं को अपने परिवार, समाज, देश और भारतीय संस्कृति पर गर्व करने तथा अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि बीजापुर जिला अब नई सोच, नई ऊर्जा और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। लंबे समय तक माओवाद की चुनौती से प्रभावित रहे जिले ने आज विकास और बदलाव की नई राह पकड़ी है। जिले में शांति और विकास का वातावरण मजबूत हुआ है तथा युवाओं के लिए शिक्षा, खेल और रोजगार के नए अवसर सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजापुर के युवाओं में अद्भुत प्रतिभा और क्षमता है। जिले के युवाओं ने शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर नई पहचान बनाई है। हाल ही में जिले के युवा का आईपीएस के रूप में चयन होना, विद्यार्थियों का परीक्षा में सफलता हासिल करना तथा बीजापुर के खिलाडिय़ों का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करना इसका उदाहरण है। कलेक्टर ने युवाओं से कहा कि वे अपनी प्रतिभा को पहचानें, निरंतर मेहनत करें और अपने सपनों को लक्ष्य में बदलते हुए आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि बीजापुर का युवा अब केवल चुनौतियों की पहचान नहीं, बल्कि संभावनाओं और उपलब्धियों की नई कहानी लिख रहा है।
बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश और समाज के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के दुष्प्रभाव से व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। इसलिए युवाओं को स्वयं जागरूक रहते हुए अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए।
युवा उड़ान 2026 में युवाओं को अपनी बात रखने और सुझाव देने के लिए विशेष अवसर प्रदान किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने सुझाव पत्र के माध्यम से अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी एवं वरिष्ठ नागरिक घासी राम नाग ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें जीवन में सकारात्मक सोच, अनुशासन, मेहनत और सामाजिक जिम्मेदारियों के साथ आगे बढने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर राज्य अलंकरण प्राप्त एवं उत्कृष्ट खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य मैथियस कुजूर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नम्रता चौबे, संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल, संयुक्त कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी उत्तम सिंह पंचारी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में जिले के युवा उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

