कोरबा में रेलवे ट्रैक किनारे मिला युवक का शव

WhatsApp Channel Join Now

कोरबा, 02 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी केबिन के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। शव रेलवे के बिजली खंभे के तार से लिपटा हुआ था, जिससे प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि युवक चलती ट्रेन से गिरकर खंभे से टकरा गया होगा।

घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने तत्काल पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद उरगा पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक यह घटना देर रात की बताई जा रही है। प्राथमिक जांच में यह संभावना सामने आई है कि युवक किसी यात्री ट्रेन के गेट पर खड़ा होकर सफर कर रहा था और अचानक संतुलन बिगड़ने से वह खंभे से जा टकराया।

मृतक युवक की उम्र करीब 24 वर्ष आंकी गई है। वह काले रंग का लोअर, टी-शर्ट और जूते पहना हुआ था। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story