धमतरी में 29 सितंबर को होगा 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज' का विशेष सत्र

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी में 29 सितंबर को होगा 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज' का विशेष सत्र


धमतरी में 29 सितंबर को होगा 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज' का विशेष सत्र


-‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में स्थानीय समस्याओं के समाधान को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर

धमतरी, 27 सितंबर (हि.स.)।

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के युवाओं, विद्यार्थियों और नवाचारियों की रचनात्मक सोच को स्थानीय समस्याओं के समाधान से जोड़ने जिला प्रशासन ने पहल की है। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के माध्यम से जिला स्तरीय शिक्षा, उद्यमिता एवं स्टार्टअप विकास कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न महाविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में 29 सितंबर को दोपहर 12 बजे महामाया कृषि महाविद्यालय, धमतरी में जिला स्तरीय विशेष सत्र आयोजित होगा। इसमें प्रतिभागियों को नवाचार की पहचान, आइडिया विकसित करने, उसे स्टार्टअप के रूप में आगे बढ़ाने, प्रभावी प्रस्तुतीकरण और चैलेंज में पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी। चैलेंज का उद्देश्य स्थानीय एवं सार्वजनिक समस्याओं के लिए नवाचारी समाधान, तकनीक, उत्पाद और सेवाओं को प्रोत्साहित करना है। इसमें महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गोवा तथा दमन एवं दीव क्षेत्र शामिल हैं। विद्यार्थी, शोधकर्ता एवं फैकल्टी, स्टार्टअप्स,उद्योग, व्यक्तिगत नवाचारी तथा सामाजिक उद्यम एवं संस्थान इसमें भाग ले सकते हैं। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े क्रॉस-सेक्टर इनोवेशन भी प्रस्तुत किए जा सकेंगे।

चैलेंज के 10 इनोवेशन सेक्टर में 50 अवार्डी के लिए कुल 5 करोड़ रुपये के पुरस्कार का प्रावधान है। प्रत्येक विजेता को 10 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा जोनल रिकग्निशन, एक्सपोजर तथा विशेषज्ञ एवं उद्योग जगत से नेटवर्किंग के अवसर भी मिलेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 है। चैलेंज में कृषि, कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल विकास, नगरीय विकास, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, रक्षा, सस्टेनेबिलिटी, इंफ्रास्ट्रक्चर एवं मोबिलिटी, उभरती तकनीक तथा शिक्षा एवं रोजगार जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

29 सितंबर के सत्र में छत्तीसगढ़ औद्योगिक नीति 2024-2030, छत्तीसगढ़ नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति की जानकारी दी जाएगी। उद्योग विभाग के अधिकारियों के साथ सीजी नेटवर्क के विशेषज्ञ प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे। जिला प्रशासन का उद्देश्य युवाओं के विचारों को समस्या की पहचान से समाधान, प्रोटोटाइप निर्माण, उद्यमिता और बाजार तक पहुंचाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराना है। प्रशासन ने विद्यार्थियों, युवाओं, शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स, व्यक्तिगत नवाचारियों और सामाजिक उद्यमों से अपने आसपास की समस्याओं के समाधान के लिए विकसित विचारों एवं तकनीकी समाधानों को चैलेंज में प्रस्तुत करने की अपील की है। जिला स्तरीय सत्र में सहभागिता के लिए युवा धमतरी पोर्टल पर पंजीयन किया जा सकता है। चैलेंज एवं पंजीयन संबंधी जानकारी इंटरनेट मीडिया पर उपलब्ध है। इच्छुक प्रतिभागी जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र धमतरी के अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story