सक्ती में जुआ रेड के दौरान तालाब में कूदे युवक का 48 घंटे बाद मिला शव, परिजनों ने प्रशिक्षु थाना प्रभारी पर लगाया मारपीट का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
सक्ती में जुआ रेड के दौरान तालाब में कूदे युवक का 48 घंटे बाद मिला शव, परिजनों ने प्रशिक्षु थाना प्रभारी पर लगाया मारपीट का आरोप


जांजगीर चांपा/सक्ती, 25 नवंबर (हि. स.)। जिले के डोमाडीह गांव में 48 घंटे से लापता युवक महेशराम केंवट का शव बुधवार सुबह तालाब में उतराता हुआ मिला है। बताया जा रहा है कि 22 नवंबर की देर रात जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस की रेड के दौरान युवक ने तालाब में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद से पुलिस और एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी। करीब दो दिन बाद शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई है। वहीं, युवक की मौत के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर की देर रात डोमाडीह गांव में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी थी। इसी दौरान महेशराम केंवट के तालाब में कूदने की बात सामने आई थी। घटना के बाद युवक का कोई पता नहीं चलने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम लगातार तालाब में रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक की तलाश कर रही थी। करीब 48 घंटे की मशक्कत के बाद तालाब में युवक का शव तैरता हुआ मिला।

प्रशिक्षु थाना प्रभारी पर मारपीट का आरोप, कार्रवाई की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम पर युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवक की मौत से परिजनों में नाराजगी है। उनका कहना है कि मामले में जिम्मेदार पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

कार्रवाई और मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन

शव मिलने के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद है। आक्रोशित परिजन प्रशिक्षु थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रहकर स्थिति संभालने और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story