नशा मुक्त भारत के संकल्प से जुड़े कटघोरा के युवा, विद्यार्थियों ने ली नशा मुक्ति की शपथ
कोरबा, 28 सितम्बर (हि. स.)। शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय कटघोरा में साेमवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में संचालित ‘माय भारत युवा कार्यक्रम’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने और नशा मुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली।
कार्यक्रम में कटघोरा एसडीएम विपिन दुबे ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए विद्यार्थी जीवन में नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
‘माय भारत युवा कार्यक्रम’ के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने कार्यक्रम में जिले में संचालित गतिविधियों और उनके उद्देश्यों की जानकारी दी।
उन्होंने युवाओं से ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में भाग लेने और अपने नवाचारी विचारों के प्रस्ताव 6 अक्टूबर तक जमा करने की अपील की। उन्होंने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा ‘माय भारत पोर्टल’ पर पंजीयन कर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में ऑनलाइन भाग ले सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ 2027 के तहत आयोजित ‘विकसित भारत चैलेंज’ क्विज प्रतियोगिता की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि कोरबा जिले के लिए निर्धारित 17 हजार के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 23 हजार से अधिक युवा पंजीयन करा चुके हैं। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को 12 जनवरी 2027, राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में देश के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
जिला नोडल अधिकारी ने बताया कि माॅय भारत पोर्टल पर कोरबा जिले से अब तक 56 हजार युवा सफलतापूर्वक पंजीकृत हो चुके हैं। उन्होंने युवाओं से इस मंच का लाभ उठाकर अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. डीपी टंडन, ईएलसी प्रभारी शैलेन्द्र सिंह ओट्टी, नूतन पाल कुर्रे, डॉ. प्रिंस मिश्रा, माय भारत युवा कार्यक्रम के वालेंटियर्स और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

