जांजगीर-चांपा में दाे हजार रुपये के उधारी विवाद में युवक की हत्या, फरार दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में दाे हजार रुपये के उधारी विवाद में युवक की हत्या, फरार दो आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 23 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में महज दाे हजार रुपये की उधारी रकम को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के बाद से फरार चल रहे दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस मामले में मुख्य आरोपित अविनाश उर्फ मन्नू कुर्रे को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस तरह हत्याकांड में अब तक तीन आरोपिताें की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान ओमीश कुर्रे उर्फ सोनू (21 वर्ष) और मन कुर्रे (19 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों पामगढ़ थाना क्षेत्र के निवासी हैं। घटना के बाद से दोनों फरार चल रहे थे, जिनकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी।

घटना 29 अगस्त 2026 की दोपहर की है। पामगढ़ क्षेत्र में उधारी के 2 हजार रुपये मांगने की बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि अविनाश उर्फ मन्नू कुर्रे और उसके साथियों ने रमेश टंडन उर्फ महेश तथा उसके पुत्र शिवा उर्फ भोलेशंकर टंडन के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोपिताें ने हाथ-मुक्कों और लकड़ी के डंडे से हमला किया, जिससे शिवा के सिर, पैर, पीठ और कमर में गंभीर चोटें आईं।

मारपीट में गंभीर रूप से घायल शिवा को उपचार के लिए रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उपचार के दौरान 30 अगस्त 2026 को उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद मामला हत्या में तब्दील हो गया। पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) सहित अन्य संबंधित धाराएं जोड़कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पामगढ़ पुलिस फरार आरोपिताें की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ओमीश कुर्रे उर्फ सोनू और मन कुर्रे को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपिताें ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपित अविनाश उर्फ मन्नू कुर्रे (26 वर्ष), निवासी पामगढ़ को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। शेष दो आरोपिताें की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने मामले में अब तक तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story