जांजगीर : युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, एक आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर : युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, एक आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 19 नवंबर (हि. स.)। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोखरा में उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित इतवारी सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल दूसरा आरोपित अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे ग्राम खोखरा निवासी देवनारायण सूर्यवंशी, इतवारी सूर्यवंशी और उसका एक अन्य साथी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपिताें ने देवनारायण के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना 19 नवंबर को मृतक के भाई कमल सूर्यवंशी निवासी सूर्या चौक खोखरा ने सिटी कोतवाली पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडेन यॉर्क और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे को इसकी जानकारी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के लिए फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट और पुलिस डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने संदेह के आधार पर इतवारी सूर्यवंशी को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद में मृतक के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया कंक्रीट का पत्थर भी जब्त किया है।

मामले में शामिल दूसरा आरोपित घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद और पैसों के लेनदेन के मामलों में कानून अपने हाथ में न लें। किसी भी तरह का विवाद होने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story