युवा फेस्ट में ज्ञान, नवाचार व अवसरों का हुआ संगम
धमतरी, 25 अप्रैल (हि.स.)। जिले में आज शनिवार काे आयोजित युवा फेस्ट में कई महाविद्यालयों, संस्थानों और विभागों द्वारा युवाओं को एक ही मंच पर ज्ञान, नवाचार और कैरियर संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में लगे विविध स्टाल और प्रदर्शनी युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंचकर नई-नई जानकारियां हासिल कर रहे हैं।
युवा फेस्ट के महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने स्टाॅल के माध्यम से रचनात्मक प्रस्तुतियां दे रहे हैं। शासकीय महाविद्यालय कंडेल द्वारा प्रदेश के एतिहासिक स्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों का सजीव चित्रण माडल के जरिए किया गया, जो दर्शकों को खासा आकर्षित कर रहा है। श्री सुखराम नागदेव महाविद्यालय नगरी की छात्राओं ने हर्बल शैंपू आधारित स्टार्टअप की जानकारी देकर स्वरोजगार के नए आयाम प्रस्तुत किए हैं। नारायण राव मेघावाले महिला महाविद्यालय की ओर से आर्ट एंड क्राफ्ट तथा वेस्ट से बेस्ट की थीम पर प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें बेकार सामग्री से उपयोगी वस्तुएं बनाने के तरीके सिखाए जा रहे हैं। रोजगार विभाग द्वारा अग्निवीर एवं थल सेना भर्ती से जुड़ी जानकारी और तैयारी के टिप्स देकर युवाओं का मार्गदर्शन किया जा रहा है।
कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र द्वारा उन्नत कृषि उपकरणों, दलहनी-तिलहनी फसलों और धान की उन्नत किस्मों की जानकारी प्रदर्शित की गई है, जबकि उद्यानिकी महाविद्यालय धमतरी द्वारा ड्रिप इरिगेशन तकनीक और उच्च गुणवत्ता वाले पौधों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। यशवंत राव मेघावाले महाविद्यालय मगरलोड द्वारा भी देश के ऐतिहासिक स्थलों पर आधारित जानकारी प्रस्तुत की जा रही है। परिवहन विभाग के स्टाल पर युवाओं के लर्निंग लाइसेंस बनाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें तत्काल सुविधा मिल रही है। वहीं प्रथम फाउंडेशन द्वारा हास्पिटैलिटी, रेस्टोरेंट सर्विस सहित अन्य रोजगारपरक क्षेत्रों की जानकारी दी जा रही है। अजीमजी प्रेमजी फाउंडेशन ने स्कालरशिप योजनाओं और पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई है।
कंडेल महाविद्यालय की छात्रा रेशमी, साक्षी, शिबू, रितु पोमेश्वरी ने कहा कि ऐसे आयोजन से हमें नई चीजें सीखने और अपने कैरियर को लेकर स्पष्टता मिलती है। खासकर स्टार्टअप और स्किल से जुड़ी जानकारी हमारे लिए बहुत उपयोगी है। कुल मिलाकर युवा फेस्ट केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि ज्ञान, कौशल विकास और रोजगार संभावनाओं का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। युवाओं में स्टालों के प्रति खासा उत्साह देखा जा रहा है, जो लगातार पहुंचकर विभिन्न क्षेत्रों की उपयोगी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। इसके अलावा कबड्डी, खो-खो, सामूहिक नृत्य समेत कई अन्य प्रस्तुतियां हुई, जिसमें कलाकारों व खिलाड़ियों ने प्रस्तुति दी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

