ग्राम कुंडेल के आर्मी ग्राउंड में युवाओं को मिलेगी सैन्य भर्ती की बेहतर सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
ग्राम कुंडेल के आर्मी ग्राउंड में युवाओं को मिलेगी सैन्य भर्ती की बेहतर सुविधा


धमतरी, 19 नवंबर (हि.स.)। ग्रामीण युवाओं को सेना एवं अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड धमतरी के ग्राम कुंडेल में फिजिकल एजुकेशन ट्रेनिंग ग्राउंड यानी आर्मी ग्राउंड विकसित किया जा रहा है। वीबी-जी रामजी योजनांतर्गत स्वीकृत इस प्रशिक्षण मैदान को गांव के नागरिकों, पूर्व सैनिकों और वर्तमान में सेवारत जवानों की सक्रिय सहभागिता से आकार दिया जा रहा है। खास बात यह है कि ग्रामीणजन और सैनिक आर्थिक सहयोग के साथ श्रमदान कर इस पहल को आगे बढ़ा रहे हैं।

सामुदायिक सहभागिता से विकसित हो रहा यह मैदान ग्रामीण युवाओं के सपनों को नई दिशा देने के साथ ही गांव में देशसेवा के प्रति उत्साह और सकारात्मक वातावरण का निर्माण कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने ग्राम कुंडेल पहुंचकर निर्माणाधीन आर्मी ग्राउंड का निरीक्षण किया। उन्होंने मैदान में चल रहे विकास कार्यों तथा प्रवेश द्वार पर किए गए आकर्षक पेंटिंग कार्य का अवलोकन किया। इस दौरान पूर्व एवं वर्तमान सैनिकों और ग्रामीणों से चर्चा कर मैदान के विकास में उनके योगदान, कार्ययोजना और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

कलेक्टर ने ग्रामीणों एवं सैनिकों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव के युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए सभी वर्गों का एकजुट होकर आगे आना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना अनेक युवाओं का सपना होता है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए शारीरिक दक्षता, मानसिक मजबूती, अनुशासन और नियमित अभ्यास बेहद जरूरी हैं। ग्राम कुंडेल में विकसित किया जा रहा आर्मी ग्राउंड युवाओं को स्थानीय स्तर पर तैयारी का बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा। इससे ग्रामीण अंचल के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रशिक्षण के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी और वे अपने गांव में ही नियमित अभ्यास कर सकेंगे।

कलेक्टर ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता के लिए केवल लक्ष्य निर्धारित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन, धैर्य और दृढ़ संकल्प भी जरूरी है। युवा अपने भीतर देशसेवा का जज्बा विकसित करें और शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक रूप से भी स्वयं को मजबूत बनाएं। सेना में चयन के लिए निर्धारित शारीरिक मापदंडों, दौड़, व्यायाम और अन्य गतिविधियों का नियमित अभ्यास करें। असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन, अभ्यास का अवसर और प्रोत्साहन देने की है।

कलेक्टर ने कहा कि ग्राम कुंडेल में आर्मी ग्राउंड का विकास सामुदायिक एकजुटता और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण है। पूर्व सैनिकों का अनुभव और वर्तमान जवानों का मार्गदर्शन युवाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगा। उन्होंने ग्रामीणों से इस पहल को निरंतर आगे बढ़ाने तथा अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने की अपील की। जिला प्रशासन द्वारा भी आवश्यक मार्गदर्शन और सुविधाओं के माध्यम से इस पहल को प्रोत्साहित किया जाएगा।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मैदान में प्रशिक्षण के अनुरूप आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित करने, दौड़ एवं शारीरिक अभ्यास के लिए उपयुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परिसर को सुव्यवस्थित स्वरूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित रखरखाव, स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस अवसर पर एसडीएम कुरूद-मगरलोड पीयूष तिवारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित बोरझा सहित जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामवासी तथा पूर्व एवं वर्तमान सैनिक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story