रक्तदान के लिए आगे आए युवा, जिला अस्पताल में 36 ने किया दान

WhatsApp Channel Join Now
रक्तदान के लिए आगे आए युवा, जिला अस्पताल में 36 ने किया दान


धमतरी, 28 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। जिला अस्पताल में एनसीसी कैडेटस, युवाओं, समाजसेवियों और दिव्यांगजनों ने आगे आकर रक्तदान किया। यहां 36 लोगों ने रक्तदान किया। जिलेभर के शिविरों में कुल 85 यूनिट रक्त का संग्रहण हुआ।

जिला अस्पताल में आयोजित शिविर में कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान किया। पीजी कालेज के एनसीसी कैडेट लोकेंद्र सेन ने बताया कि उन्होंने पहली बार रक्तदान किया है। सेवा को परम धर्म मानते हुए स्वयं की प्रेरणा से रक्तदान के लिए तैयार हुए। एनसीसी कैडेट खगेश जैन ने बताया कि शुरुआत में थोड़ी घबराहट हुई, लेकिन रक्तदान के बाद अच्छा महसूस हो रहा है। उन्होंने जरूरतमंद मरीजों के लिए युवाओं से आगे आकर रक्तदान करने की अपील की।

सिविल सर्जन डा. आदित्य सिन्हा ने बताया कि एक यूनिट रक्त को विभिन्न घटकों में विभाजित कर तीन जरूरतमंद मरीजों को लाभ पहुंचाया जा सकता है। इससे सिकलसेल, थैलेसीमिया, गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन मरीजों को जरूरत के समय रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि स्वस्थ व्यक्ति वर्ष में दो से तीन बार रक्तदान कर सकता है।जिला अस्पताल की ब्लड बैंक प्रभारी डा. भारती ठाकुर ने बताया कि स्वैच्छिक रक्तदान से ब्लड बैंक में विभिन्न रक्त समूहों की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलती है। इससे जरूरत के समय मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है।

जिला अस्पताल के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरा में 12, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड में नौ एवं पुलिस लाइन धमतरी में 28 यूनिट रक्त का संग्रहण हुआ। वहीं सिविल अस्पताल नगरी और सिविल अस्पताल कुरुद में भी शिविर लगाए गए। इस दौरान पोमिन साहू, पूजा गायकवाड़, सुमनलता नागवंशी, सुंदर सोढ़ी, दिनेश्वरी नेताम, देवकी सिन्हा, देवेश दादर, तेजस्विनी प्रभाकर सहित ब्लड बैंक के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story