धमतरी : पिटाई से युवक की मौत, आठ लोग हिरासत में, पूछताछ जारी
धमतरी, 18 मार्च (हि.स.)। ग्राम सरसोपुरी खिलेश्वर यादव 40 वर्ष की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस संदेही गांव के सरपंच पोषण उर्फ रिंकू सेन सहित आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने बताया कि, ग्राम पंचायत बिजनापुरी के आश्रित ग्राम सरसोपुरी में किसानों के खलिहानों में रखे पैरावट में कुछ दिनों से कोई आग लगा रहा था। शुक्रवार को बिजनापुरी के सरपंच पोषण उर्फ रिंकू सेन ने सुबह 11.30 बजे संदेही खिलेश्वर यादव को समझाइश देने के लिए बुलाया था। ग्रामीणों के समक्ष पूछताछ में खिलेश्वर ने आगजनी की घटना में अपना हाथ होने से इंकार कर दिया। इस दौरान झूमाझटकी भी हुई। सरपंच से गाली गलौज करते हुए खिलेश्वर उनके हाथ को दांत से काट कर वहां से भाग गया। इसके बाद सरपंच और उसके साथियों ने खिलेश्वर यादव को पकड़कर बेदम पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया। बेहोश खिलेश्वर को गांव के मंच में लाकर छोड़ दिया। स्वजनों को इसकी जानकारी होने पर 108 एम्बुलेंस से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। स्थित गंभीर होने के कारण दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में खिलेश्वर की मौत हो गई। शनिवार को लाश का पोस्टमार्टम किया गया। अर्जुनी थाना प्रभारी गगन बाजपेयी ने बताया कि सरपंच रिंकू सेन सहित आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद हत्या का प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी की सिर कुचलकर हत्या
ग्राम सेमरा (सेनचुवा) में शुक्रवार की रात आरोपित जीवन लाल सेन 50 वर्ष ने पत्नी सुलेखा बाई सेन 47 वर्ष की हत्या कर दी। किसी वजनी वस्तु से संघातिक वार से उसका सिर कुचल दिया। एसडीओपी कृष्ण कुमार पटेल ने बताया कि आरोपित जीवन लाल सेन वर्ष कोई कामकाज नहीं करता। था। उसके दो लड़के लीलेश कुमार सेन 32 वर्ष विवाहित और दूसरा लेमन कुमार सेन 29 वर्ष अविवाहित है। दोनों दूसरे गांव में काम कर जीवन यापन करते हैं। शुक्रवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। जिसमें जीवन ने तैस में आकर किसी वजनी वस्तु से सिर में वार कर पत्नी की नृशंस हत्या कर दी और फरार हो गया।
हिन्दुस्थान समाचार/ रोशन सिन्हा
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।