सड़़क हादसे में युवक की मौत, शव रखकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सड़़क हादसे में युवक की मौत, शव रखकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन


निजी एंबुलेंस में तोड़फोड़, पुलिस और चालक से मारपीट करने ग्रामीणों पर आरोप

धमतरी , 09 जून (हि.स.)। रेत से भरी एक तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा में बाइक सवार ठेकेदार युवक की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठे मिस्त्री घायल हो गया। घटना की सूचना देने के बाद भी 108 एंबुलेंस ने आने में लेटलतीफी की, तो ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। इस दौरान मौके पर पहुंची निजी एंबुलेंस में आक्रोशित ग्रामीणों ने तोड़फोड़ कर दिया। साथ ही ग्रामीणों की भीड़ ने एंबुलेंस चालक और पुलिस के साथ मारपीट शुरू कर दिया, इससे माहौल खराब हो गया। तैनात एक एएसआई व चालक को चोंट आई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आठ जून की रात करीब आठ बजे कुरूद- मगरलोड मार्ग पर रेत से भरी एक तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा मेघा से कुरूद की ओर आ रही थी, तभी धमतरी से काम निबटा कर बिल्डिंग ठेकेदार लीलाराम साहू 35 वर्ष पुत्र दुखुराम साहू व मिस्त्री गिरेंद्र यादव 30 वर्ष पुत्र जहुर राम यादव बाइक में सवार होकर अपने घर भैंसमुंडी-मगरलोड लौट रहे थे कि ग्राम उमरदा के गोठान के पास हाईवा ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हाईवा ने ठेकेदार लीलाराम साहू को रौंदते हुए आगे बढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मिस्त्री गिरेंद्र यादव घायल हो गया। घटना के बाद यहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। घायल को उपचार के लिए ले जाने ग्रामीणों ने डायल 112 एवं पेट्रोलिंग वाहन को जानकारी दी। घायल को कार से सिविल अस्पताल कुरुद ले जाया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने गंभीर घटना की सूचना 108 एंबुलेंस को भी दी थी, लेकिन समय पर नहीं पहुंचने से ग्रामीण भड़क उठे और लाश को नहीं उठाने दिया। घटना स्थल पर स्थिति बिगड़ता देख पुलिस कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों को जानकारी दिए, तो थाना प्रभारी अवधराम साहू पुलिस दल के साथ घटनास्थल पहुंचे। तत्काल कुरुद से वन्देमातरम परिवार की एंबुलेंस को बुलाया गया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने इस एंबुलेंस को ठोकना शुरू कर दिया। इस पर चालक राधेश्याम साहू एवं पुलिसकर्मी बीच बचाव करने लगे तो उनसे भी झूमाझटकी और मारपीट की गई माहौल खराब होने पर मारपीट में एक एएसआई सुरेश नंद एवं एंबुलेंस चालक राधेश्याम साहू को चोंट आई है। माहौल खराब होता देख थाना प्रभारी ने एसडीएम नभसिंह कोसले को सूचित किया।

उन्होंने तहसीलदार सूरज सिंह बंछोर एवं बीएमओ हेमराज देवांगन समेत अन्य अधिकारियों को भेजा, फिर भी ग्रामीणों ने उनकी बात नहीं सुनी। ग्रामीण एंबुलेंस की लेट लतीफी, तेज रफ्तार रेत से भरी हाईवा पर नियंत्रण एवं मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर अड़े रहे और लाश को उठाने नहीं दिया। ऐसे में इस मार्ग पर सड़कजाम हो गया। वाहनों की भीड़ लगना शुरू हो गया। इधर आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर माहौल खराब कर दिया। गांव का माहौल खराब होने पर मगरलोड, करेलीबड़ी और बिरेझर चौकी से पुलिस बल बड़ी संख्या में पहुंची।

पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाया और नियंत्रित करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया। रात करीब साढ़े 10 बजे ग्रामीणों की भीड़ सड़क से हटे, इसके बाद ही शव वाहन से लाश को पोस्टमार्टम के लिए चीर घर लाया गया। माहौल शांत होने के बाद पुलिस अब उपद्रव करने वाले तत्वों के खिलाफ एंबुलेंस चालक राधेश्याम साहू की रिपोर्ट पर जुर्म दर्ज कर रही है। वहीं पुलिस से मारपीट, तोड़फोड़ करने वाले तत्वों की पतासाजी की जा रही है। थाना प्रभारी अवधराम साहू ने कहा कि माहौल खराब करने वाले लोगों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story