11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत
निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
धमतरी, 18 मार्च (हि.स.)। धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे मेघा बस स्टैंड के पास निर्माणाधीन मकान में हुई। मृतक की पहचान ग्राम अरौद निवासी 26 वर्षीय चुम्मन साहू के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वह निर्माणाधीन मकान में प्लंबर का काम कर रहा था। इसी दौरान मकान के समीप से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

