सुकमा में गाज गिरने से युवक की हुई मौत, अन्य चार युवक घायल

WhatsApp Channel Join Now
सुकमा में गाज गिरने से युवक की हुई मौत, अन्य चार युवक घायल


सुकमा , 28 जून (हि.स.)। जिले के कुकनार थाना क्षेत्र अंतर्गत धुररास गांव के देवनाथ पारा में गाज गिरने से एक युवक अजय नाग की मौत अस्पताल ले जाने के दाैरान हो गई, जबकि चार अन्य युवक घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज छिंदगढ़ अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार आज रविवार दोपहर 3 बजे ग्राम धुररास के देवनाथ पारा के पांच युवक उमेश बघेल, मंगला बघेल, आशाराम बघेल, अजय नाग और आयता बघेल खेती-किसानी का काम कर रहे थे। तभी अचानक मौसम बदला और बारिश होने लगी। पांचों युवक एक इमली के पेड़ के नीचे आकर बारिश से बचने की कोशिश करने लगे, तभी अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज गर्जना होने लगी। फिर अचानक देखते ही देखते बिजली गिरी, जिससे पांचों युवक घायल हो गए। उसके बाद आनन-फानन में पांचों युवकों को छिंदगढ़ अस्पताल लाया गया, लेकिन वहां इलाज सही से नहीं हो पाने के कारण गंभीर रूप से घायल युवक अजय नाग को उच्च संस्थान के लिए रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही युवक अजय नाग (उम्र 18 साल) की मौत हो गई। बाकी चार युवकों का इलाज छिंदगढ़ अस्पताल में चल रहा है, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति ठीक बताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story