कोरबा में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, नीट पेपर लीक मामले पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, नीट पेपर लीक मामले पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन


कोरबा, 21 जुलाई (हि. स.)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा पेपर लीक मामले और दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को कोरबा में भारतीय युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के निर्देश पर शहर और ग्रामीण युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने निहारिका स्थित सुभाष चौक पर शाम करीब 5 बजे प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पुतला दहन को लेकर धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया।

प्रदर्शन में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में छात्र-युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनके हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर छात्रों पर लाठीचार्ज बंद करो, नीट पेपर लीक की सीबीआई जांच हो और छात्रों को न्याय दो जैसे नारे लिखे हुए थे।

शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुए इस विरोध प्रदर्शन में उस समय हलचल मच गई, जब कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने पुतला दहन रोकने और आग बुझाने की कोशिश की, जिस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झूमा-झटकी हुई। मौके पर मौजूद वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हुआ।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक जैसे गंभीर मामले में सरकार की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, जबकि अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज कराया जा रहा है। नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज ने कहा कि जब तक नीट पेपर लीक मामले के दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच नहीं कराई जाती, तब तक युवा कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि छात्र-युवाओं के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन में कोरबा के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश पंकज, युवा कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष विकास सिंह, एनएसयूआई पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और छात्र-युवा मौजूद रहे।

यह प्रदर्शन शहर में राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बना रहा। नीट पेपर लीक मामले को लेकर युवाओं का आक्रोश साफ दिखाई दिया और प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story