बालको में युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, असम के मुख्यमंत्री के बयान के खिलाफ पुतला दहन
कोरबा, 08 अप्रैल (हि. स.)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में जिला युवा कांग्रेस कोरबा के नेतृत्व में आज बुधवार को बालको क्षेत्र में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड के पास एकत्र होकर पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया।
विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं महिला कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री के बयान की कड़ी निंदा की और इसे राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, विकास सिंह, एडी जोशी, सपना चौहान, आरिफ खान, राजेंद्र तिवारी, दुष्यंत शर्मा, राकेश पंकज और विकास सिंह (विक्की) सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि इस तरह की भाषा लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाती है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नेताओं ने मांग की कि, इस बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी जाए और भविष्य में इस तरह की टिप्पणियों से बचा जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने नेताओं के सम्मान के लिए सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

