खरगे पर टिप्पणी के विरोध में युवा कांग्रेस ने असम के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका

WhatsApp Channel Join Now
खरगे पर टिप्पणी के विरोध में युवा कांग्रेस ने असम के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका


धमतरी, 09 अप्रैल (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में जिला युवा कांग्रेस ने गुरुवार को आक्रोश जताते हुए उनका पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने असम के मुख्यमंत्री और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुतला जलाने के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस बल और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेंद्र सोनवानी, प्रदेश प्रवक्ता राकेश मौर्या, प्रदेश सचिव उदित साहू, उपाध्यक्ष गीतराम सिन्हा एवं प्रवीण साहू ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा पूरी तरह निंदनीय और अस्वीकार्य है। यह टिप्पणी किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है बल्कि यह देश के एससी-एसटी समाज के करोड़ों लोगों की गरिमा का अपमान है।

इसके चलते युवा कांग्रेस ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का पुतला फूंक कर विरोध दर्ज कराया है। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस मोहन लालवानी, यश राजपूत, आशीष साहू, यश डागा, ब्लाक कांग्रेस शहर अध्यक्ष द्वय गौतम वाधवानी, योगेश शर्मा, निगम उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, आशुतोष खरे, सूरज पासवान, वातांजलि गोस्वामी, योगेश्वर साहू, अजय सिन्हा, तोगु साहू, लोकेंद्र सिन्हा, अविनाश मरोठे सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story