दो पत्नियों को साथ रखने की जिद पर हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, समझाने के बाद उतरा

WhatsApp Channel Join Now
दो पत्नियों को साथ रखने की जिद पर हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, समझाने के बाद उतरा


दो पत्नियों को साथ रखने की जिद पर हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, समझाने के बाद उतरा


वीडियो न बनाने की शर्त पर उतरा नीचे, 48 घंटे बाद खत्म हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा

धमतरी, 23 मई (हि.स.)। धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम भेंडरा में पिछले दो दिनों से चल रहा हाई-वोल्टेज ड्रामा आखिरकार शनिवार को समाप्त हो गया। 50 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़े 32 वर्षीय किसान यादराम साहू को पुलिस और प्रशासन ने घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतार लिया। युवक के नीचे आते ही प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, यादराम साहू शनिवार सुबह अत्यधिक शराब के नशे में ट्रैक्टर से गांव के पास स्थित हाईटेंशन टावर तक पहुंचा और सीधे टावर की चोटी पर जा बैठा। हजारों वोल्ट की चालू बिजली लाइनों के बीच युवक की हरकत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। जांच और समझाइश के दौरान इस पूरे घटनाक्रम की वजह घरेलू विवाद सामने आई। बताया गया कि युवक की दो पत्नियां हैं और दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी पारिवारिक कलह से परेशान होकर युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया। उसकी जिद थी कि दोनों पत्नियां आपसी विवाद खत्म कर एक ही घर में उसके साथ रहें।

ग्रामीणों ने बताया कि युवक इससे पहले शुक्रवार को भी टावर पर चढ़ गया था। उस समय पुलिस ने काफी समझाइश देकर उसे नीचे उतार लिया था, लेकिन अगले ही दिन उसने फिर वही कदम दोहरा दिया। घटना की सूचना मिलते ही भखारा पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए युवक से लगातार बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाने का प्रयास किया। इस दौरान नीचे खड़े ग्रामीण उसकी सलामती की दुआ करते रहे। काफी देर चली बातचीत के बाद युवक ने नीचे उतरने के लिए एक अनोखी शर्त रख दी।

उसने कहा कि वहां मौजूद कोई भी व्यक्ति उसका वीडियो नहीं बनाएगा। भखारा थाना प्रभारी शरद ताम्रकर व ने उसकी शर्त मानते हुए लोगों को वीडियो बनाने से रोका और भरोसा दिलाया। इसके बाद युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया। रेस्क्यू सफल होने के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर काउंसलिंग शुरू कर दी है। वहीं, दो दिनों से तनाव और दहशत का माहौल झेल रहे भेंडरा गांव में अब स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story