नशे में धुत युवकों ने दूसरी गाड़ी को भीषण टक्कर मारी बुजुर्ग की मौत

WhatsApp Channel Join Now


नशे में धुत युवकों ने दूसरी गाड़ी को भीषण टक्कर मारी बुजुर्ग की मौत


रायपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रायपुर के बीती आधी रात तेलीबांधा थाना इलाके के अग्रसेन धाम चौक के पास नशे में धुत युवकों की तेज रफ्तार से चलाते अपनी कार ने एक दूसरी गाड़ी को भीषण टक्कर मार दी।

इस दुर्घटना में 60 वर्षीय बुजुर्ग नरेंद्र सिंह भसीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ कार में सवार एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

तेलीबांधा थाना पुलिस ने बताया कि दुर्घटना का शिकार हुआ भसीन परिवार श्याम नगर (रायपुर) का निवासी है। वे सभी नया रायपुर में अपनी एक भतीजी की शादी के समारोह में शामिल होकर बलेनो कार से वापस लौट रहे थे तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार स्कोडा कार, जिसे नशे में धुत युवक चला रहे थे, ने भसीन परिवार की बलेनो कार को जोरदार टक्कर मार दी। नरेंद्र सिंह भसीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल महिला और दोनों बच्चों की हालत गंभीर है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुर्घटना को अंजाम देने वाली स्कोडा कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। कार में सवार युवकों को हिरासत में लेकर उनका मेडिकल टेस्ट (मुलाहजा) कराया जा रहा है, ताकि उनके खून में अल्कोहल (शराब) की मात्रा की कानूनी पुष्टि हो सके।

पुलिस आरोपितों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और नशे में खतरनाक तरीके से वाहन चलाने से संबंधित सख्त कानूनी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769738 Articles

Share this story