जांजगीर-चांपा में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस


जांजगीर-चांपा, 5 मई (हि. स.)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। यह घटना महाविद्यालय के पीछे स्थित स्टेडियम के पास की है। मृतक की पहचान रुपेश चौहान निवासी वार्ड नंबर 14 के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, रुपेश किसी काम से रायपुर गया था और एक दिन पहले शाम करीब 5 बजे घर लौटा था। सोमवार रात करीब 8 बजे खाना खाने के बाद वह घर से निकला, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।

आज मंगलवार (5 मई) सुबह स्थानीय लोगों ने स्टेडियम के पास पेड़ से उसका शव लटका देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी भास्कर शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि युवक नशे का आदी था।मृतक की मां के अनुसार, रुपेश परिवार का बड़ा बेटा था। उसके पिता लंबे समय से बीमार हैं। परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। रुपेश की अचानक मौत से परिवार सदमे में है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्टेडियम क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यह इलाका लंबे समय से नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बना हुआ है, जहां शाम होते ही शराबखोरी और अवैध गतिविधियां शुरू हो जाती हैं।

पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story