जांजगीर-चांपा: नकली नोट से शराब खरीदने पहुंचा युवक गिरफ्तार, पुलिस ने 500 रुपये के चार फर्जी नोट किए जब्त

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा: नकली नोट से शराब खरीदने पहुंचा युवक गिरफ्तार, पुलिस ने 500 रुपये के चार फर्जी नोट किए जब्त


जांजगीर-चांपा, 22 जुलाई (हि. स.)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में नकली नोट खपाने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपित देशी शराब दुकान में 500 रुपये के नकली नोट देकर शराब खरीदने पहुंचा था, लेकिन सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसे हिरासत में ले लिया। आरोपित के कब्जे से 500 रुपये के चार नकली नोट बरामद किए गए, जिनकी जांच में सभी नोट फर्जी पाए गए। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आज बुधवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को अकलतरा स्थित देशी मदिरा दुकान से सूचना मिली कि एक युवक 500 रुपये का संदिग्ध नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को पकड़कर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे (30 वर्ष) निवासी दोमुहानी, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके पास से 500 रुपये के चार संदिग्ध नोट बरामद हुए।

बरामद नोटों की तत्काल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अकलतरा शाखा में जांच कराई गई, जहां सभी चारों नोट नकली पाए गए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चारों नोटों का सीरियल नंबर एक ही था, जिससे इनके फर्जी होने की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह यह नकली नोट रायपुर से लेकर आया था और उन्हें शराब दुकान में चलाने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपित के खिलाफ अपराध क्रमांक 423/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 180 के तहत कार्रवाई की। आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story