आपका काम ही आपकी पहचान’ काम करें ऐसा याद रखें पीढ़ियां : कलेक्टर

WhatsApp Channel Join Now
आपका काम ही आपकी पहचान’ काम करें ऐसा याद रखें पीढ़ियां : कलेक्टर


इंजीनियरिंग चुनौतीपूर्ण और जिम्मेदारी वाला कार्य है: जयंत नाहटा

सेवा संकल्प अभियान के तहत गंगरेल बांध रेस्ट हाउस में अभियंता दिवस पर समारोह

धमतरी, 17 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत अभियंता दिवस के अवसर पर 17 सितंबर को गंगरेल बांध रेस्ट हाउस में गरिमामयी समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा उपस्थित रहे। विभिन्न निर्माण एवं तकनीकी विभागों के अभियंताओं ने भारत रत्न एवं महान अभियंता डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के योगदान और दूरदृष्टि को स्मरण करते हुए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, नवाचार, तकनीकी दक्षता और जनोपयोगिता को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि आपका काम ही आपकी पहचान है। डा विश्वेश्वरैया के कार्य आज भी उनकी दूरदृष्टि, तकनीकी क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की पहचान हैं। अभियंताओं को अपने कार्य में ऐसी उत्कृष्टता विकसित करनी चाहिए, जिससे उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने। उन्होंने कहा कि किसी निर्माण कार्य की वास्तविक गुणवत्ता उसके पूरा होने से नहीं, बल्कि लंबे समय तक सुरक्षित और उपयोगी बने रहने से तय होती है। अभियंताओं को नियमित मैदानी निरीक्षण करने, निर्माण कार्यों की बारीकियों को समझने और गुणवत्ता की सतत निगरानी करने की जरूरत है। उन्होंने गंगरेल बांध के निर्माण में अपनाई गई इंजीनियरिंग प्रक्रिया और तकनीकी अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि निर्माण एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में लगातार नए नवाचार हो रहे हैं।

कलेक्टर ने आगामी रोड एवं भवन संबंधी कार्यशाला में अभियंताओं को सक्रिय भागीदारी करने की बात कही। जिपं सीईओ जयंत नाहटा ने कहा कि इंजीनियरिंग चुनौतीपूर्ण होने के साथ महत्वपूर्ण जिम्मेदारी वाला क्षेत्र है। सड़कों, भवनों, पुलों, जल संरचनाओं और अन्य अधोसंरचनाओं का निर्माण वर्षों तक आम नागरिकों के उपयोग में आता है, इसलिए गुणवत्ता, सुरक्षा, टिकाऊपन और दीर्घकालीन उपयोगिता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। अधीक्षण अभियंता बांध केके मित्तल ने युवा अभियंताओं को मेहनत, लगन और तकनीकी दक्षता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। लोनिवि के कार्यपालन अभियंता चहल ने कहा कि निर्माण कार्य केवल ईंट, सीमेंट और लोहे से संरचना तैयार करना नहीं, बल्कि नागरिकों की आवश्यकताओं और भविष्य की जरूरतों से जुड़ा दायित्व है। समारोह में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले अभियंताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अभियंताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए तकनीकी कार्यों में नवाचार, गुणवत्ता और पारदर्शिता को और मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम के अंत में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता हेमलाल कुरेशिया ने आभार व्यक्त किया। समारोह में नगर निगम आयुक्त अरुण वर्मा, कार्यपालन अभियंता बीके नागेंद्र, चंद्राकर, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता राठौर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन अभियंता आशा लता गुप्ता, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता नुरेटी, एसडीएम पीयूष तिवारी, एसडीओ पैकरा सहित विद्युत, हाउसिंग बोर्ड, पुल एवं अन्य निर्माण विभागों के अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story