सैन्य प्रशिक्षण शिविर में शामिल युवतियों ने आईटीबीपी के जवानों को बांधी राखी

WhatsApp Channel Join Now
सैन्य प्रशिक्षण शिविर में शामिल युवतियों ने आईटीबीपी के जवानों को बांधी राखी


कोंडागांव , 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर कोंडागांव के विकास नगर स्टेडियम में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण शिविर में शामिल युवतियों ने 29वीं वाहिनी आईटीबीपी के जवानों को राखी बांधी। जवानों ने बहनों की सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लिया। वहीं युवतियों ने भी देश की सुरक्षा और सेवा का संकल्प दोहराया।

देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवान अक्सर त्योहार अपने परिवार से दूर मनाते हैं। इसी को देखते हुए पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से यह आयोजन किया गया। युवतियों ने जवानों को राखी बांधकर उनके त्याग, साहस और समर्पण के प्रति सम्मान जताया। राखी बंधवाने के बाद जवानों ने युवतियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और सेना व पुलिस में भर्ती होकर देश सेवा का सपना पूरा करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

परिषद के बस्तर संभाग प्रभारी एवं संरक्षक सुब्रत साहा ने कहा कि सुरक्षा बलों के जवान देश की रक्षा के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। ड्यूटी के कारण वे कई बार अपने परिवार और त्योहारों से दूर रहते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन पर युवतियों द्वारा राखी बांधना जवानों को परिवार और अपनेपन का एहसास कराने की छोटी लेकिन भावनात्मक पहल है। राखी बंधवाने के बाद आईटीबीपी के जवानों ने पूर्व सैनिक सेवा परिषद और प्रशिक्षण ले रही युवतियों का आभार जताया। जवानों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मुलाकात से सैन्य प्रशिक्षण ले रही युवतियों का उत्साह और मनोबल भी बढ़ा। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव में युवाओं, खासकर युवतियों को सेना और सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए निःशुल्क शारीरिक और मानसिक प्रशिक्षण दे रही है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के युवाओं को सुरक्षा बलों में करियर के लिए तैयार करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story