बाफना हाउस प्रतिष्ठान में युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला

WhatsApp Channel Join Now
बाफना हाउस प्रतिष्ठान में युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला


जगदलपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। बस्तर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंर्तगत बाफना हाउस प्रतिष्ठान में आज साेमवार काे एक 19 साल की युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, युवती की पहचान दीपा के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक सप्ताह से इस प्रतिष्ठान में काम कर रही थी।

परिजनों का कहना है कि यह प्रतिष्ठान पूर्व विधायक संतोष बाफना का है। घटना के बाद परिजनों ने युवती की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि युवती के हाथों और शरीर पर चोट के निशान थे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

परिजन और मृतिका की मौसी के अनुसार घटना से एक दिन पहले शाम करीब 5:30 से 06 बजे के बीच परिजनों की दीपा से फोन पर बात हुई थी। उस समय उसने कहा था कि अभी बात नहीं कर सकती, बाद में बात करूंगी। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो पाया। परिजनों का कहना है, कि बीती रात करीब 9:30 बजे तक जब दीपा घर नहीं पहुंची तो उन्होंने प्रतिष्ठान के स्टाफ से उसके बारे में पूछा। स्टाफ ने बताया कि दीपा शाम करीब 6:30 बजे से गायब है, और उसका मोबाइल प्रतिष्ठान में ही छूट गया है। स्टाफ के लोग मोबाइल घर पहुंचाने आए। इसके बाद परिजन बाफना हाउस पहुंचे, दुकान बंद मिली। वहीं आज साेमवार सुबह दोबारा आए। फिर दुकान के ऊपर जाकर देखने पर दीपा का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने शव की स्थिति और शरीर पर चोट के निशान को लेकर संदेह जताया है।

मृतका की बहन पूजा नाग ने सुसाइड नोट मिलने की जानकारी पर सवाल उठाते हुए उनका कहना है कि उन्हें जानकारी मिली है कि दीपा के शव के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसके अपनी मर्जी से आत्महत्या करने की बात लिखी गई है। पूजा ने इस दावे को पूरी तरह गलत बताया है। उन्होंने कहा कि सुबह से ही वे शव अस्पताल में है। जब परिवार के लोग न्याय की मांग कर रहे हैं तब सामने वाले पक्ष को बचाने के लिए सुसाइड नोट की बात सामने लाई जा रही है। पूजा ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने, प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि पुलिस को बाफना हाउस में युवती के फांसी लगाने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, पूरे मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story