बाइक खरीदी की लेनदेन को लेकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला
धमतरी, 3 जनवरी (हि.स.)। गाड़ी की लेनदेन संबंधी पुरानी बातों को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया है, उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए रायपुर रिफर किया गया है। पुलिस आरोपित युवक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर के सिहावा चौक सुंदरगंज वार्ड धमतरी निवासी अजय सिन्हा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह दो जनवरी की रात खाना खाकर सो गया था, तभी घर में अचानक हो- हल्ला की आवाज सुनाई दी, तो वह घर से बाहर निकला। वार्डवासियों ने उन्हें बताया कि उनके भाई मनीष सिन्हा 23 वर्ष पुत्र पारस सिन्हा को साहिल खत्री ने चाकू मार दिया है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया है। घटना की खबर पाकर तत्काल वह बाइक से जिला अस्पताल पहुंचा, तो देखा कि भाई मनीष सिन्हा के पेट में गंभीर चोट था। चाकू के हमला से अतड़ी बाहर निकल चुका था। शरीर के अन्य अंगों में भी खून निकल रहा था। विकास मानिकपुरी से पूछने पर बताया कि मनीष, रोहन ठाकुर और वह खाना खाने के बाद घूमने के लिये सिहावा चौक के पास हिन्दु अनाथालय के पास बैठकर तीनों बातचीत कर रहे थे। करीब साढ़े 10 बजे की रात मोहल्ले का साहिल खत्री आया और मनीष सिन्हा से बाइक खरीदी के पैसा की लेनदेन की पुरानी बात को लेकर विवाद करने लगा। तैश में आकर साहिल खत्री अपने पास रखे धारदार चाकू से हत्या करने की नियत से मनीष सिन्हा के पेट और पीठ में ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पेट पर चाकू मारने से अतड़ी बाहर निकल गया। वहीं शरीर के अन्य अंगों पर भी चाकू मारने की वजह से मनीष खून से लथपथ हो गया था। बीच बचाव के दौरान विकास को भी चोंटें आई है। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित साहिल खत्री वहां से फरार हो गया। चाकू से हमला के बाद तड़प रहे मनीष को उनके दोस्तों ने अन्य लोगों की मदद के साथ बाइक पर उपचार के लिए जिला अपस्ताल पहुंचाया। मनीष सिन्हा की गंभीर हालत को देखने के बाद डाक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रिफर कर दिया है। इस घटना की रिपोर्ट पर सिटी पुलिस ने आरोपित साहिल खत्री के खिलाफ जुर्म दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने में जुट गई है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 में चाकूबाजी की यह दूसरी घटना है। ऐसे में चाकूबाजी की घटना को रोकना अब जिला पुलिस प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

