पत्नी से विवाद के बाद हाईवोल्टेज बिजली के टावर पर चढ़ा युवक, समझाने के बाद नीचे उतरा

WhatsApp Channel Join Now
पत्नी से विवाद के बाद हाईवोल्टेज बिजली के टावर पर चढ़ा युवक, समझाने के बाद नीचे उतरा


कोंडागांव, 29 अगस्त (हि.स.)। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार को पत्नी से विवाद के बाद पति नशे में हाईवोल्टेज बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। युवक करीब 150 फीट की ऊंचाई पर करीब 2 घंटों तक बैठा रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व की टीम मौके पर पहुंचकर काफी समझाने के बाद युवक नीचे उतरा।

युवक का नाम संतोष कोर्राम (32) है। वह नशे का आदी है। करीब 2 साल पहले उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। इसके बाद उसने अपनी साली से दूसरी शादी कर ली। समझाने के बाद उसने दोबारा ऐसा कदम नहीं उठाने की बात कही। कोंडागांव तहसीलदार मनोज रावटे ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और वर्तमान में स्थिति सामान्य है। युवक पूरी तरह सुरक्षित है और किसी मेडिकल उपचार की जरूरत नहीं पड़ी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डोंगरीपारा निवासी संतोष कोर्राम का पत्नी और चाचा से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। विवाद के बाद वह नाराज होकर घर से निकला और पास ही स्थित 400 केवी हाईवोल्टेज लाइन के टावर पर चढ़ गया। युवक को इतनी ऊंचाई पर देखकर आस-पास के लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार मनोज रावटे के साथ पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

संतोष कोर्राम टावर पर काफी ऊंचाई पर था, इसलिए टीम ने बिना जल्दबाजी के उससे बातचीत शुरू की। अधिकारियों ने उसे शांत रहने और सुरक्षित नीचे आने के लिए समझाया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी संतोष कोर्राम से बातचीत कर किसी तरह का गलत कदम नहीं उठाने की अपील की। काफी देर तक समझाने के बाद संतोष कोर्राम नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। पुलिस और राजस्व टीम की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। युवक संतोष कोर्राम ने बताया कि घर में परेशानी और विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया। उसने बताया कि चाचा और पत्नी के साथ विवाद के बाद वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। परिवार में लगातार विवाद होने से वह तनाव में था और इसी कारण टावर पर चढ़ गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story