चांपा थाने में युवक की मौत, शराब मामले में हिरासत में लिए जाने के बाद मारपीट के आरोप
जांजगीर-चांपा, 10 सितम्बर (हि. स.)। चांपा थाना क्षेत्र में शराब के मामले में एक 35 वर्षीय युवक को देर रात हिरासत में लेकर थाने लाए जाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में मौत होने की जानकारी सामने आई है। मृतक की पहचान शिव सहिस (35), पिता मनीराम, निवासी मेहंदीपारा, चांपा के रूप में बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिव सहिस को शराब से जुड़े मामले में पुलिस थाने लेकर आई थी। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक को मिर्गी का दौरा आता था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आज सुबह से ही मृतक के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए हैं। वहीं, चांपा थाने के बाहर बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने की जानकारी भी सामने आई है। परिजनों का आरोप लगाया जा रहा है कि पुलिस की मारपीट के बाद युवक की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हुई।
मामले को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बताई जा रही है। हालांकि, युवक की मौत के वास्तविक कारणों और पुलिस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि युवक को कल शाम आबकारी मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद रात को अचानक उसकी तबियत बिगड़ने पर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक प्रथम दृष्टि यह कार्डियक अरेस्ट का मामला नजर आ रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

