खेत में ट्रैक्टर पलटने से चालक युवक की मौके पर मौत, साथी नाबालिग घायल
धमतरी, 27 जून (हि.स.)। सिहावा क्षेत्र के गढ़ियापारा के पास हुए एक हादसे में 18 वर्षीय युवक की ट्रैक्टर के नीचे दबने से शनिवार को मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सवार 13 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सिहावा पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है,घायल का उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुमन मरकाम (18) पिता रामगुलाल निवासी पंडरीपानी अपने बड़े पिताजी के ट्रैक्टर (ट्रॉली के साथ)को छोड़ने भीतररास जा रहा था। लगभग 12:30 बजे गढ़ीहापारा के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर नीचे खेत में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार लोगों को संभलने तक का अवसर नहीं मिला। ट्रैक्टर के पलटते ही चालक सुमन मरकाम निवासी पंडरीपानी वाहन के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे में डोमेश्वर यादव (13) पिता गोविंद यादव निवासी पंडरीपानी घायल हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नगरी भेज दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

