(संशोधित) प्रधानमंत्री के नेतृत्व और प्रयासों से योग बना वैश्विक जनआंदोलन : केदार कश्यप
नारायणपुर, 21 जून (हि.स.)। जिले के कोटमहर गार्डन में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित जिलास्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने सहभागिता करते हुए जिले वासियों को योग संकल्प की शपथ दिलाई तथा स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास के दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर वनमंत्री केदार कश्यप ने उपस्थित नागरिकों को योग संकल्प की शपथ दिलाई और निरंतर योगाभ्यास करने का संदेश दिया। बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य देन है, जिसने आज पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली तथा आज यह एक वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। विश्व के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और संतुलित जीवन जी रहे हैं।
केदार कश्यप ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने वाली वैज्ञानिक जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से शांत तथा आत्मिक रूप से समृद्ध बनाता है। वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली, तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी समाधान के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति से स्वस्थ परिवार, स्वस्थ परिवार से स्वस्थ समाज और स्वस्थ समाज से सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। इसलिए योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से नियमित योग करने, अपने परिवार के सदस्यों को इसके लिए प्रेरित करने तथा स्वस्थ, स्वच्छ और व्यसनमुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

