सूरजपुर : जिला न्यायालय परिसर में गूंजा योग का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर : जिला न्यायालय परिसर में गूंजा योग का संकल्प


अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

सूरजपुर, 21 जून (हि.स.). अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला न्यायालय परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सकारात्मकता और एकजुटता से परिपूर्ण इस आयोजन में न्यायपालिका से जुड़े न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने एक साथ योग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष विनीता वार्नर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में योग शिक्षक राजेंद्र प्रसाद पाठक एवं सह-योग शिक्षिका नेहा सोनी ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए विभिन्न आयु वर्ग के लोगों के लिए उपयुक्त आसनों तथा आवश्यक सावधानियों के बारे में भी बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मानवेंद्र सिंह ने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए योग एक प्रभावी माध्यम है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल टोपनो ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को दीर्घायु, स्वस्थ और रोगमुक्त जीवन की ओर प्रेरित करता है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों तथा न्यायालय के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कानूनी क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए यह आयोजन शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक शांति और आपसी समन्वय को मजबूत करने वाला साबित हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story