यादव परिवार के सात सदस्यों ने 10 साल बाद ईसाई पंथ काे छोड़कर सनातन धर्म अपनाया

WhatsApp Channel Join Now
यादव परिवार के सात सदस्यों ने 10 साल बाद ईसाई पंथ काे छोड़कर सनातन धर्म अपनाया


जगदलपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। बस्तर जिले के दरभा ब्लॉक अंर्तगत चिड़पाल ग्राम पंचायत में यादव परिवार के सात सदस्यों ने 10 साल बाद ईसाई पंथ काे छोड़कर दोबारा सनातन धर्म अपनाने का निर्णय लिया। इसके बाद गांव में धार्मिक आयोजन कर विधि-विधान के साथ घर वापसी की प्रक्रिया पूरी करवाई गई।

बताया गया कि परिवार को यादव समाज के पदाधिकारियों ने उनके मूल धर्म और पूर्वजों की परंपराओं से दोबारा जुड़ने को लेकर समझाइश दी। समाज की पहल के बाद परिवार के सात सदस्यों ने अपनी पुरानी धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं की ओर लौटने पर सहमति जताई। इसके बाद आज बुधवार काे गांव में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां परिवार के सदस्यों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सनातन परंपरा को अपनाया।

घर वापसी कार्यक्रम के दौरान मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन और शुद्धिकरण संस्कार कराया गया। धर्माचार्यों ने परिवार के सदस्यों को गायत्री मंत्र और गीता पाठ के साथ यादव समाज की पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं और रीति-रिवाजों की जानकारी दी। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों की भी मौजूदगी रही। परिवार के सदस्यों ने अपने पुरखों की परंपराओं से दोबारा जुड़ने पर सहमति जताई। इस दौरान बस्तर जिला यादव समाज के संरक्षक लच्छिन यादव, उपाध्यक्ष रघुवंश यादव, सचिव लखीराम यादव सहित समाज के अन्य पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story