संवत सरना देव स्थल में ग्रामीणों ने किया स्वच्छता श्रमदान
बलरामपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज सोमवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शंकरगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत डिपाडीहकला स्थित संवत सरना देव स्थल में सरपंच, पंचों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की।
कार्यक्रम जिला पंचायत सीईओ के निर्देश तथा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की जिला समन्वयक और जनपद पंचायत शंकरगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वेद प्रकाश पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। ग्रामीणों ने देव स्थल परिसर में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के साथ स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने ‘स्वच्छता ही सेवा है, स्वच्छ ग्राम ही स्वस्थ ग्राम है’ के संदेश के साथ सक्रिय सहभागिता निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

