कोरबा : वर्ल्ड थिंकिंग डे का 100वां वर्ष, डीईओ उपाध्याय ने विश्व बंधुत्व पर दिया जोर
कोरबा, 22 फरवरी (हि. स.)। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा द्वारा अवर फेंडशिप थीम के अनुरूप वर्ल्ड थिंकिंग डे तथा स्काउट आंदोलन के जन्मदाता लार्ड बेडेन पावेल एवं लेडी बेडेन पावेल का आज रविवार को जन्मदिवस मनाया गया। जिला स्तर के अलावा विद्यालयों में भी आयोजन हुए।
कोरबा शहर के कृष्णानगर स्थित सनराइज इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला आयुक्त (स्काउट) ताम्रेश्वर उपाध्याय रहे। वर्ल्ड थिंकिंग डे के सौ वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्काउट आंदोलन के जन्मदाता लार्ड बेडेन पावेल एवं लेडी बेडेन पावेल के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ समारोह की शुरुआत हुई।
मुख्य अतिथि ताम्रेश्वर उपाध्याय ने लार्ड बेडेन पावेल को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा स्थापित स्काउट आंदोलन आज एक वैश्विक स्तर पर युवाओं को अच्छा और उपयोगी नागरिक बनाने का काम कर रहा है। श्री उपाध्याय ने कहा कि, निजी स्वार्थ को परे रख विश्व बंधुत्व की भावना को और प्रगाढ़ करने की आवश्यकता है। डीईओ ने युवाओं से आपसी मित्रता बनाए रखते हुए सामाजिक एकता और समरसता को बढ़ाने पर जोर दिया। इसके पूर्व गाइड याशिका साहू, दीप्ति पटेल, सीनियर रेंजर पलक पटेल ने लार्ड बेडेन पावेल एवं लेडी बेडेन पावेल तथा वर्ल्ड थिंकिंग डे पर प्रकाश डाला। समारोह की अध्यक्षता करते हुए जिला मुख्य आयुक्त मोहम्मद सादिक शेख ने स्काउट आंदोलन एवं वर्ल्ड थिंकिंग डे को लेकर अपनी बात रखी।
समारोह के दौरान कब, बुलबुल, स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स तथा लीडर्स को विभिन्न गतिविधियों के प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। समारोह का स्वागत उद्बोधन जिला संयुक्त सचिव रेखारानी लाल ने किया। आभार जिला सचिव भरत सिंह वर्मा ने व्यक्त किया। संचालन डीओसी (स्काउट) डीगम्बर सिंह कौशिक ने किया। समारोह में जिला मुख्यालय आयुक्त बीएस पैकरा, प्राचार्य द्वय विनीता दास, अनिता ओहरी, सनराइज स्कूल के डायरेक्टर सुभाशीष भट्टाचार्य, डीओसी (गाइड) उत्तरा मानिकपुरी सहित अन्य की उपस्थित रही।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

