आत्महत्या रोकथाम के लिए खुलकर संवाद जरूरी : संजय लाल

WhatsApp Channel Join Now
आत्महत्या रोकथाम के लिए खुलकर संवाद जरूरी : संजय लाल


आत्महत्या रोकथाम के लिए खुलकर संवाद जरूरी : संजय लाल


धमतरी, 10 सितंबर (हि.स.)। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर गुरुवार को रिलायंस इंस्टीट्यूट आफ नर्सिंग लिमतरा और फ्लोरेंस कॉलेज आफ नर्सिंग लिमतरा के छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षकों ने जिला चिकित्सालय धमतरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को आत्महत्या की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजगता और जरूरतमंद व्यक्ति से संवेदनशीलता के साथ संवाद करने का संदेश दिया गया।

विद्यार्थियों ने पोस्टर, बैनर, पाम्पलेट, रंगोली और नाटक कला के माध्यम से आत्महत्या जैसे गंभीर सामाजिक विषय पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि मानसिक तनाव, अकेलापन, निराशा या किसी कठिन परिस्थिति से जूझ रहे व्यक्ति को नजरअंदाज करने के बजाय उसकी बात सुनी जानी चाहिए और समय रहते सहयोग व उचित सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए। जागरूकता सामग्री के माध्यम से लोगों को मानसिक परेशानियों को छिपाने के बजाय परिवार, मित्रों, शिक्षकों अथवा स्वास्थ्य विशेषज्ञों से बात करने के लिए प्रेरित किया गया। नर्सिंग महाविद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार लाल ने बताया कि विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस एक वैश्विक जागरूकता अभियान है, जिसका उद्देश्य आत्महत्या की रोकथाम को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘चेंजिंग द नारेटिव आन सुसाइड’ है, जिसका उद्देश्य आत्महत्या और उससे जुड़े कारणों पर खुलकर बातचीत को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर समय रहते बातचीत और सहयोग मिलने से कई गंभीर परिस्थितियों को टाला जा सकता है। कार्यक्रम में नर्सिंग विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आमजन को सकारात्मक सोच, भावनात्मक सहयोग और जरूरत के समय मदद लेने के लिए प्रेरित किया। जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित इस जागरूकता गतिविधि के दौरान लोगों ने पोस्टर, रंगोली और नाटक के माध्यम से दिए गए संदेशों को देखा और आत्महत्या रोकथाम के प्रति जागरूक होने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के अनामिका काल्विन , अनिश कुमार लाल, टोपेश्वर कँवर, प्रेमशीला यादव, आरती साहू अनामिका साहू सहित समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story