विश्व मछुआरा दिवस पर समाज ने उठाए अधिकारों और आजीविका से जुड़े मुद्दे

WhatsApp Channel Join Now
विश्व मछुआरा दिवस पर समाज ने उठाए अधिकारों और आजीविका से जुड़े मुद्दे


विश्व मछुआरा दिवस पर समाज ने उठाए अधिकारों और आजीविका से जुड़े मुद्दे


धमतरी, 22 नवंबर (हि.स.)। रामबाग स्थित ढीमर प्राथमिक मत्स्य सहकारी समिति भवन में 22 नवंबर को विश्व मछुआरा दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मछुआरों के अधिकार, मत्स्य पालन के विकास, आजीविका की सुरक्षा और समाज की आर्थिक स्थिति मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि परमेश्वर फूटान, विशिष्ट अतिथि धीवर समाज धमतरी परगना के अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद जगबेड़हा एवं सचिव सोहन धीवर रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ढीमर प्राथमिक मत्स्य सहकारी समिति के अध्यक्ष यशवंत कोसरिया, संरक्षक मन्नूलाल कोसरिया और व्यापारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष फिरोज हिरवानी ने की। इस अवसर पर सोहन धीवर ने कहा कि विश्व मछुआरा दिवस मनाने की शुरुआत 21 नवंबर 1997 को हुई थी, जिसमें 18 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। इस दिवस के तीन प्रमुख उद्देश्य अधिक से अधिक मछली उत्पादन, सुरक्षित जल क्षेत्रों का निर्माण और मछुआरों की आय बढ़ाकर उनके जीवनस्तर में सुधार करना है। उन्होंने मछुआरों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि बड़े उद्योगपतियों को लंबी अवधि के लिए भूमि लीज पर उपलब्ध कराई जाती है, जबकि गरीब मछुआरों को जलक्षेत्र का पट्टा केवल पांच या दस साल के लिए मिलता है। जलक्षेत्र में घेरा लगाने और मत्स्य पालन की व्यवस्था विकसित करने में लाखों रुपये खर्च होते हैं। ऐसे में पट्टे की अवधि कम होने और भविष्य में पट्टा छिनने की आशंका के कारण मछुआरे निश्चिंत होकर निवेश नहीं कर पाते।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ मछुआ नीति में बार-बार बदलाव होने से भी मछुआरों में असुरक्षा बनी रहती है। इस समस्या के समाधान के लिए मछुआ नीति को कानून का दर्जा दिया जाना चाहिए, ताकि मछुआरों को स्थायित्व और सुरक्षा मिल सके। फिरोज हिरवानी ने कहा कि धीवर समाज का व्यापारी प्रकोष्ठ मछली व्यवसाय से जुड़े लोगों को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है।

नर्मदा प्रसाद जगबेड़हा ने कहा कि धीवर समाज मत्स्य पालन और मछली व्यवसाय के संरक्षण एवं विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। समिति अध्यक्ष यशवंत कोसरिया ने बताया कि मछली उत्पादन बढ़ाने के लिए समिति द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य अतिथि परमेश्वर फूटान ने कहा कि मत्स्य पालन के व्यवसाय में मेहनत और लगन के अनुरूप आय बढ़ाने की संभावनाएं हैं। उन्होंने समाज के लोगों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा पर किया गया खर्च भविष्य के लिए निवेश है, जिसका लाभ परिवार और समाज दोनों को मिलता है। उन्होंने परिवार को नशे से दूर रखने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मत्स्य सहकारी समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार फूटान गल्ला ने किया तथा आभार प्रदर्शन समिति प्रबंधक हरीश चौबे ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781396 Articles

Share this story