धमतरी : विश्व पर्यावरण दिवस पर नर्सिंग विद्यार्थियों ने दिया हरित भविष्य का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : विश्व पर्यावरण दिवस पर नर्सिंग विद्यार्थियों ने दिया हरित भविष्य का संदेश


धमतरी, 05 जून (हि.स.)।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रिलायंस इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग एवं फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग, लिमतरा में शुक्रवार को जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना रहा। इस अवसर पर नर्सिंग विद्यार्थियों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर ग्राम लिमतरा में जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण और प्रदूषण नियंत्रण के महत्व की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया। महाविद्यालय परिसर में पर्यावरण दिवस की थीम पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश प्रस्तुत किया। इसके साथ ही परिसर में नीम, जामुन, आम सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का पौधरोपण कर हरित वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार लाल ने कहा कि भारत सहित पूरे विश्व में प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है, जिससे प्रकृति और मानव जीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। प्रकृति सभी जीवों के अस्तित्व का आधार है और इसकी सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करने का अवसर है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। विश्व पर्यावरण दिवस के इस आयोजन ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों के बीच हरित एवं स्वच्छ भविष्य के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचाया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story