कोरबा : जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर कार्यशाला आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर कार्यशाला आयोजित


कोरबा, 28 नवंबर (हि. स.)। शासकीय इंजीनियर विश्वेश्वरैया स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज), कोरबा में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शनिवार को जनजातीय समाज के ऐतिहासिक संघर्ष, सांस्कृतिक विरासत एवं आध्यात्मिक योगदान विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में संपन्न हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनजातीय समाज के प्रेरणास्रोत एवं गौरव के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा, वीरांगना रानी दुर्गावती, शहीद वीरनारायण सिंह, गुंडाधुर और गोंडसिंह के छायाचित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् और राज्यगीत 'अरपा पैरी के धार' का सामूहिक गायन भी किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शासकीय महाविद्यालय भैसमा के सेवानिवृत्त सहायक प्राध्यापक (राजनीतिशास्त्र) जेआर खैरवार उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता के रूप में वनवासी कल्याण आश्रम, कोरबा से जुड़े बीरबल सिंह तथा विशिष्ट वक्ता के रूप में पुष्पराज सिंह ठाकुर एवं दीपक सिंह ने अपनी सहभागिता दी।

महाविद्यालय के प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में उसके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं को समझने तथा उनके संरक्षण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि जेआर खैरवार ने अपने व्याख्यान में जनजातीय समाज की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, सामाजिक परिस्थितियों और वर्तमान समय में उसके समक्ष मौजूद चुनौतियों पर विचार व्यक्त किए। वहीं मुख्य वक्ता बीरबल सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और बलिदान का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने देश के विभिन्न जनजातीय महानायकों के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास साहस, स्वाभिमान, स्वतंत्रता की चेतना और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की गौरवशाली गाथाओं से समृद्ध है।

विशिष्ट वक्ता पुष्पराज सिंह ठाकुर ने जनजातीय समाज के इतिहास, जनजातीय गौरव दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं उसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जनजातीय समाज की विशिष्ट पहचान, सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक व्यवस्था तथा राष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत में उसके योगदान को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. एसके गोभिल ने जनजातीय समाज के सामाजिक एवं आर्थिक जीवन तथा समकालीन संदर्भों में उसकी प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे। वहीं हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक अमोला कोरिम द्वारा तैयार जनजातीय समाज के रीति-रिवाज, रहन-सहन एवं खान-पान पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन गृहविज्ञान विभागाध्यक्ष अजय पटेल ने किया। आयोजन की व्यवस्थाओं एवं समन्वय में सहायक प्राध्यापक के.एस. कैवर्त और ग्रंथपाल दीपक टेकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के संचालन एवं व्यवस्थाओं में विशेष सहयोग प्रदान किया।

कार्यशाला में महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान, सामाजिक-सांस्कृतिक परंपराओं और आध्यात्मिक चेतना से परिचित कराया गया। साथ ही उसकी समृद्ध विरासत के प्रति सम्मान एवं जागरूकता विकसित करने का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story