धमतरी : पांच रुपये में मिल रहा भरपेट पौष्टिक भोजन, श्रमिकों को मिली बड़ी राहत

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : पांच रुपये में मिल रहा भरपेट पौष्टिक भोजन, श्रमिकों को मिली बड़ी राहत


धमतरी : पांच रुपये में मिल रहा भरपेट पौष्टिक भोजन, श्रमिकों को मिली बड़ी राहत


श्रम अन्न सहायता केन्द्र बना मेहनतकशों का सहारा, शुभारंभ के पहले ही दिन 100 से अधिक श्रमिकों ने किया भोजन

धमतरी, 18 नवंबर (हि.स.)। मेहनतकश श्रमिकों को सस्ता, सुलभ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन की शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न सहायता योजना श्रमिकों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के माध्यम से संचालित इस योजना के तहत पंजीकृत निर्माणी एवं पात्र असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को मात्र पांच रुपये में भरपेट गर्म और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसी कड़ी में धमतरी शहर के कलेक्ट्रेट रोड स्थित सुमित बाजार परिसर में 17 नवंबर को नवीन श्रम अन्न सहायता केन्द्र का शुभारंभ किया गया। केन्द्र शुरू होने के पहले ही दिन 100 से अधिक श्रमिकों ने यहां भोजन ग्रहण किया। इससे स्पष्ट है कि शहर में काम करने वाले श्रमिकों और विभिन्न संस्थानों के कर्मचारियों के लिए यह केन्द्र उपयोगी साबित हो रहा है। केन्द्र में पांच रुपये में चावल, दाल, मौसमी सब्जी, अचार, पापड़ और छाछ सहित गर्म एवं पौष्टिक भोजन दिया जा रहा है। खासकर घर से दूर रहकर दुकानों, प्रतिष्ठानों और निर्माण स्थलों में काम करने वाले श्रमिकों को इससे दोपहर के भोजन की चिंता से राहत मिल रही है।

केन्द्र में भोजन करने वाले सुमित बाजार के कर्मचारियों ने बताया कि पहले काम के दौरान भोजन की व्यवस्था करना पड़ती थी, लेकिन अब महज पांच रुपये में स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन मिल रहा है। इससे कम खर्च में भरपेट भोजन के साथ समय की भी बचत हो रही है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए शासन और श्रम विभाग के प्रति आभार जताया। श्रम पदाधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ जिले के पंजीकृत निर्माणी श्रमिकों के साथ पात्र असंगठित क्षेत्र के श्रमिक भी ले सकते हैं।

जिन पात्र श्रमिकों का पंजीयन नहीं हुआ है, वे भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ केन्द्र में पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए श्रमिक की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। परिवार के किसी एक सदस्य का आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर, राशन कार्ड, निर्माण श्रमिकों के लिए स्वघोषणा प्रमाण तथा असंगठित श्रमिकों के लिए आय एवं स्वघोषणा प्रमाण के साथ लाइव फोटो उपलब्ध कराने पर श्रमिक कार्ड केन्द्र में ही तत्काल बनाया जा रहा है। इससे श्रमिकों को पंजीयन के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और वे आसानी से योजना से जुड़ सकेंगे।

यह केन्द्र केवल रियायती दर पर भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि पात्र श्रमिकों को शासन की अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का माध्यम भी बन रहा है। शुभारंभ अवसर पर सुमित बाजार के संचालक विजय कंकरिया, नवीन जैन, आसपास के विभिन्न संस्थानों के संचालक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। सभी ने कलेक्ट्रेट रोड जैसे प्रमुख स्थान पर केन्द्र शुरू किए जाने की सराहना की। इस अवसर पर श्रम पदाधिकारी, कल्याण निरीक्षक ज्ञानेन्द्र यादव, डिगेश्वर साहू सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पांच रुपये में पौष्टिक भोजन की यह पहल श्रमिकों के स्वास्थ्य, सम्मान और आर्थिक संबल की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यस्थल के नजदीक भोजन उपलब्ध होने से श्रमिकों का समय और खर्च दोनों बचेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779044 Articles

Share this story