बकावंड में सेवा सेतु शिविर में महिला समूहों को मिला 90 लाख का चेक

WhatsApp Channel Join Now
बकावंड में सेवा सेतु शिविर में महिला समूहों को मिला 90 लाख का चेक


जगदलपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जनपद पंचायत बकावंड मुख्यालय में 'सेवा सेतु अभियान' के अंतर्गत आज शनिवार काे एक दिवसीय वृहद शिविर एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस शिविर में मुख्य रूप से सांसद महेश कश्यप, जनपद पंचायत बकावंड की अध्यक्ष सोनबारी भद्रे, उपाध्यक्ष तरुण पांडे तथा पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप सहित क्षेत्र के समस्त जनपद सदस्यगण व विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रशासनिक व्यवस्था और शिविर के सुचारू संचालन में जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्वेता साहू, नायब तहसीलदार सुनील ध्रुव तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी अभिलाषा यादव ने अपनी विभागीय टीम के साथ सक्रिय भूमिका निभाई।

शिविर में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका को गति देते हुए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए अतिथियों द्वारा 90 लाख रुपये की राशि का चेक वितरित किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्के मकानों का निर्माण पूर्ण होने पर ग्राम पंचायत बकावंड के दो हितग्राहियों—जगन्नाथ कश्यप और बालगोविन्द कश्यप को उनके नए घरों की चाबियां विधिवत सौंपी गईं।

राजस्व विभाग द्वारा शिविर में स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख (बी-1) का वितरण किया गया, जिसमें ग्राम छोटेदेवड़ा निवासी भुवन (पिता शिवलाल) व मोन्ची/बलि तथा ग्राम दिवारी निवासी लखीराम (पिता बुधु), बुधराम (पिता दशरु) व नारायण (पिता प्रेमचंद) को भू-स्वामित्व पत्रक प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त राजस्व संबंधी 05 अन्य मामलों का भी त्वरित समाधान किया गया।

सेवा सेतु अभियान के माध्यम से ग्रामीणों की मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़े कुल 16 आधार कार्ड बनाए व संशोधित किए गए, खाद्य विभाग से संबंधित 9 आवेदनों का निराकरण हुआ, 12 श्रमिकों को श्रम पंजीयन कार्ड वितरित किए गए, 1 पात्र हितग्राही को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की स्वीकृति दी गई तथा 2 परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई। शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story