बठेना में हमर क्लिनिक शुरू कराने कलेक्ट्रेट पहुंचीं महिलाएं

WhatsApp Channel Join Now
बठेना में हमर क्लिनिक शुरू कराने कलेक्ट्रेट पहुंचीं महिलाएं


धमतरी, 08 सितंबर (हि.स.)। महिला आरोग्य समिति एवं बठेना वार्ड की महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर वार्ड में करीब एक साल से तैयार हमर क्लिनिक को जल्द शुरू कराने की मांग की। महिलाओं ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र के लोगों को नजदीक में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।

महिला आरोग्य समिति की अध्यक्ष कुसुमलता, कोषाध्यक्ष तामेश्वरी एवं वार्ड की चित्ररेखा नेताम, सावित्री साहू, संगीता गोस्वामी, पूर्णिमा गोस्वामी एवं दिलेश्वरी ने बताया कि बठेना एवं सरदार वल्लभ पटेल वार्ड से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला चिकित्सालय दूर हैं। बीपी, शुगर और सामान्य स्वास्थ्य जांच के लिए लोगों को दूर अस्पताल जाना पड़ता है। आने-जाने में समय और किराया खर्च होने के कारण कई मरीज जांच कराने से बचते हैं। मितानिन वार्ड के लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित करती हैं, लेकिन अस्पताल दूर होने के कारण कई मरीज जांच कराने नहीं जाते। इससे उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं हो पाती। विशेषकर बुजुर्गों को अस्पताल आने-जाने में परेशानी होती है।

महिलाओं ने बताया कि वार्ड में हमर क्लिनिक का भवन करीब एक साल से बनकर तैयार है। इसके शुरू होने से बीपी, शुगर और सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा नजदीक में मिल सकेगी। इससे लोगों को दूर अस्पताल जाने की जरूरत कम होगी और समय व आने-जाने का खर्च भी बचेगा। महिलाओं ने हमर क्लिनिक का संचालन जल्द शुरू कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story