अंबिकापुर : सदभावना चौक मर्डर मिस्ट्री, सीसीटीवी में दिखा आरोपित, अब तक पुलिस के हाथ खाली
अंबिकापुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। सरगुजा जिले के सदभावना चौक के पास महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आरोपित की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। 3 अप्रैल 2026 की सुबह कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि रिंग रोड किनारे एक मटन दुकान के पास झाला में महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस, फॉरेंसिक टीम और साइबर सेल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और गहन जांच शुरू की गई।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और मामले में पीड़ित की रिपोर्ट पर कोतवाली अंबिकापुर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें 3 अप्रैल की रात मृतिका और एक संदिग्ध व्यक्ति को घटना स्थल की ओर जाते देखा गया। बाद में मृतिका की पहचान कर शव परिजनों को सौंप दिया गया, जबकि आरोपित की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मृतिका और आरोपित दोनों अंबिकापुर में कबाड़ बीनकर गुजर-बसर करते थे और खानाबदोश जीवन जी रहे थे।
सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से सामने आया है कि घटना रात करीब 1 बजे के बाद की है। आरोपित सुबह करीब 5:30 बजे समलाया मंदिर की ओर जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद वह शहर के विभिन्न स्थानों महामाया मंदिर, चांदनी चौक, प्रतापपुर चौक, गांधी चौक होते हुए मनेंद्रगढ़ रोड की तरफ बढ़ा और विशुनपुर के रास्ते रेलवे स्टेशन पहुंचा। अंतिम बार उसे 11:03 बजे रेलवे स्टेशन अंबिकापुर के सीसीटीवी कैमरे में देखा गया।
मुखबिर से मिली जानकारी के अनुसार आरोपित रेलवे स्टेशन से पैदल काली घाट, कोलडीहा, पिलखा पहाड़ होते हुए कमलपुर के रास्ते विश्रामपुर रेलवे स्टेशन की ओर भागा है। पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही हैं और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। आरोपित के हुलिए की बात करें तो वह हल्के बैंगनी रंग का फुल टी-शर्ट, काले रंग की पैंट पहने हुए है, सिर पर नीला कपड़ा बांधे और नंगे पैर घूम रहा है।
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास आरोपित से संबंधित कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी हो, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस का दावा है कि आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संपर्क नंबर: थाना कोतवाली अंबिकापुर: 9479193508, कंट्रोल रूम अंबिकापुर: 9479193599
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

