कोरबा : कुएं में गिरने से महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : कुएं में गिरने से महिला की मौत


कोरबा, 06 मार्च (हि. स.)। कोरबा के बालको थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में महिला की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब महिला घर के पास स्थित कुएं से पानी निकाल रही थी। अचानक पैर फिसलने से वह करीब 30 फीट गहरे कुएं में जा गिरी।

बालको थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान 38 वर्षीय चंदा देवी साह के रूप में हुई है। घटना के समय उनकी दो बेटियां भी मौके पर मौजूद थीं। मां को अचानक कुएं में गिरते देख दोनों बेटियां घबरा गईं और जोर से चीखने लगीं। बेटियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। लोगों ने सीढ़ी और रस्सी की मदद से किसी तरह महिला को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तुरंत बालको अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बालको थाने में पदस्थ एएसआई इमरान खान ने बताया कि घटना के समय महिला की दो बेटियां मौके पर मौजूद थीं और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story