जांजगीर-चांपा में सड़क हादसा: बाइक फिसलने से महिला की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
जांजगीर-चांपा, 17 मार्च (हि. स.)। जिले के बनाहिल चौक पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
मिली जानकारी के अनुसार, नरियरा वार्ड नंबर 14 निवासी 40 वर्षीय सलमा लहरे युवक गोलू टंडन के साथ बाइक से किसी काम से जा रही थीं। दोपहर करीब ढाई बजे बनाहिल चौक के पास अचानक बाइक फिसल गई, जिससे महिला सड़क पर गिर गई और पीछे से आ रही पिकअप वाहन की चपेट में आ गई।
हादसे में महिला के सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं युवक का हाथ टूट गया, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बिलासपुर रेफर किया गया है।घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने बनाहिल चौक पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद करीब दो घंटे में जाम समाप्त कराया गया।
डीएसपी प्रदीप सोरी ने बताया कि पिकअप वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं मृतिका के परिजनों को वाहन मालिक की ओर से 50 हजार रुपए तथा शासन की ओर से 25 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

